तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही. आज शनिवार को पुलिस कालीघाट स्थित उनके आवास पहुंची. कोलकाता पुलिस के कालीघाट और शालबनी थाने की टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ उनके आवास पहुंची. इसमें महिला अधिकारी भी शामिल हैं. अभी यह साफ नहीं है कि किस मामले की वजह से यह कार्रवाई की जा रही है.
इससे पहले फर्जी हस्ताक्षर मामले में गुरुवार को सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी. हेट स्पीच मामले में भी सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस थमाया है.
मीडिया की जानकारी के अनुसार, खबर मिलने के बाद बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी अभिषेक बनर्जी के घर पर पहुंचीं. जानकारी के अनुसार, पुलिस उनके एक सहायक की तलाश में तलाशी अभियान चला रही है. फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच भी जारी है, जिसमें सीआईडी पहले से सक्रिय है.

