दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार ने ‘लोकतंत्र की जननी’ का गला घोंट दिया है। वहीं, अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि जनता की आवाज को ताकत के बल पर दबाने की कोशिश सरकार की बड़ी भूल साबित होगी।
खरगे का आरोप- सवाल उठाने वालों को हिरासत में ले रही सरकार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ सवाल उठाने वाले युवाओं, छात्रों, वकीलों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों के नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना साधा।

