आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब गेड्डाडा गांव स्थित तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के एक गैस कुएं से अचानक तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए इस रिसाव के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। किसी भी संभावित अनहोनी या बड़े हादसे को टालने के लिए जिला प्रशासन और ओएनजीसी की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला और कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लगभग 800 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया।
पानी की बौछारों से गैस के दबाव को नियंत्रित करने में जुटीं टीमें
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही ओएनजीसी के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। रिसाव की तीव्रता को कम करने और गैस को हवा में फैलकर आग पकड़ने से रोकने के लिए मौके पर लगातार पानी की बौछार (वाटर स्प्रे) की जा रही है। तकनीकी टीमें कुएं के वाल्व और दबाव को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं, ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

