उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक में अगले तीन महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आगामी चुनाव को देखते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और सक्रिय एवं मजबूत करने का आह्वान किया। नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने विकास को घर-घर पहुंचाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी ऐतिहासिक जीत का दावा किया।

