लखनऊ, लॉरेंस बिश्नोई मौजूदा समय में खूब चर्चा में है। युवाओं के बीच में लॉरेंस की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। जिसके काई कारण बताए जा रहे। उन्हीं में से एक कारण की जानकारी सोशल मीडिया यूजर सुशोभित ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है। आईए जानते हैं कि सुशोभित ने अपने फेसबुक वॉल पर क्या लिखा है…
लॉ(रेंस) बि(श्नो)ई की तेज़ी से बढ़ती लोकप्रियता का सुराग़ सामूहिक-अवचेतन के अनेक रहस्यों में निहित है। शक्ति में अदम्य आकर्षण होता है। ताक़त चुम्बक की तरह खींचती है। जब उसके समीकरण बहुसंख्यजन को अपने अनुरूप लगते हैं तो वे उससे बेतरह प्रभावित हो जाते हैं। लोग भगवान को पूजते हैं, लेकिन मन ही मन जानते हैं कि दुनिया को शैतान चलाता है। बुराई की ताक़तों का बोलबाला है। घी टेढ़ी उंगली से निकलता है। लोहा लोहे को काटता है। बाल-बच्चेदार, सद्-गृहस्थ लोग इस स्याह दुनिया से रोज़ मुठभेड़ करते हैं, लेकिन अपनी असमर्थता से मन ही मन घुटकर रह जाते हैं। जब वे किसी दिलेर को नियम तोड़ते देखते हैं तो इससे प्रभावित होते हैं। उसमें नायक की छवि की तनिक भी कल्पना से उस पर मुग्ध हो जाते हैं। ‘एंग्री यंग मैन’ का रूपक ऐसे ही रचा गया था, जिसने सत्तर के दशक में नियति-वंचित, मध्य-वित्त के नौकरीपेशाओं को अपनी दमित-भावनाओं के विरेचन का सुख दिया था। लॉ(रेंस) की दबंगई भी जनमानस को निर्भार होने का रोमांच देती है।