यमुनानगर। डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स, यमुनानगर की इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल व वाणिज्य विभाग की ओर से उद्यमिता के उत्प्रेरक के रूप में जीएसटी विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्या एवं आईआईसी अध्यक्ष डॉ. सुरिंदर कौर, आईआईसी संयोजिका विवेक तथा कार्यक्रम संयोजिका डॉ. मीनाक्षी सैनी ने की।
नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की यमुनानगर शाखा के अध्यक्ष सीए रजत अलघ मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने छात्राओं को जीएसटी के व्यावहारिक पहलुओं, व्यावसायिक गतिविधियों में इसकी उपयोगिता, कर अनुपालन और उद्यमिता के विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएसटी की बेहतर समझ उद्यमियों को व्यावसायिक निर्णय लेने और वित्तीय प्रबंधन को प्रभावी बनाने में मदद करती है। इसके अलावा उन्होंने जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने तथा व्यवसाय से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने की प्रक्रिया भी समझाई।
सीए रजत अलघ ने कहा कि जीएसटी व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ कर प्रणाली को व्यवस्थित और सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए वित्तीय और कर संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ परमेश कुमार, अनू शर्मा, पूजा सिंदवानी व ज्योति ने योगदान दिया।

