संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कश्मीर और भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर दिए गए बयान के बाद भारत ने जवाबी हमला बोला। भारत ने पाकिस्तान पर झूठ और छल का आरोप लगाते हुए कहा कि सीमा पार आतंकवाद जारी रहने के गंभीर परिणाम होंगे।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने शुक्रवार रात ‘जवाब देने के अधिकार’ का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान की नीतियों, सेना के प्रभाव और अल्पसंख्यकों के साथ व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की वास्तविकता उसके प्रतिनिधियों के बयानों से अलग है और आतंकवाद को लेकर उसका रवैया न भारत के लिए और न ही दुनिया के लिए लाभकारी है।

