भारतीय बैडमिंटन के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला युगल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली और भारत के लिए पदक पक्का कर दिया।
गैर-वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में चीन की जिया यी फैन और झांग शू जियान को एक घंटे नौ मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 16-21, 21-15, 21-13 से हराया। पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद त्रीसा और गायत्री ने जबरदस्त वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

