पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मनमोहन सिंह को याद किया और देश के प्रति उनकी समर्पित सेवा का उल्लेख किया। वहीं कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने जनसेवा में कई वर्ष बिताए और समर्पण के साथ देश की सेवा की।” मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत में हुआ था। उनका निधन 26 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली में हुआ। वह 22 मई 2004 को भारत के 14वें प्रधानमंत्री बने और 2009 में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

