नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी पुण्यतिथि पर रविवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक ऐसा दूरदर्शी विचारक बताया जिन्होंने खुद को देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का उनका दर्शन एक मजबूत राष्ट्र की ओर हमारी यात्रा को प्रेरित करता है। उनका बलिदान, आदर्श प्रगति और एकता के हमारे सामूहिक मिशन में एक मार्गदर्शक शक्ति बना हुआ है।’’
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारी रहे उपाध्याय भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से थे। भारतीय जनसंघ से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गठन हुआ। मोदी दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानवतावाद’ के विचारों को अपने शासन के मॉडल के लिए प्रेरणा के रूप में अक्सर उद्धृत करते हैं। उपाध्याय का 1968 में निधन हो गया था।