बेंगलुरुः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वह पिंक लाइन मेट्रो सेवा, एक वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी नई मेट्रो लाइन पर सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तवरेकेरे से आईआईएम बैंगलोर मेट्रो स्टेशन तक सवारी करेंगे। इसके अलावा वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को भी मिलेगी गति
बेंगलुरु मेट्रो की कालेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक की पिंक लाइन को लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। वह लगभग 4,450 करोड़ रुपये के निवेश से कोप्पल-2 और गदग-2 में विकसित नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (फेज-2) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना और लगभग 1,370 करोड़ रुपये के निवेश से बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए विकसित ट्रांसमिशन योजना का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 3,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बेल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना तथा 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से दावणगेरे और बेल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

