समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जिला कारागार पहुंचे, जहां उनकी जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात जारी है। अखिलेश यादव दोपहर करीब 1:40 बजे रामपुर पहुंचे। उनके साथ आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम भी मौजूद हैं।
अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर जौहर विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा। यहां आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा, उनके बड़े बेटे अदीब आजम, सपा जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष समेत अन्य पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अखिलेश यादव कार से जिला कारागार के लिए रवाना हो गए।
जेल में अखिलेश यादव और आजम खान के बीच करीब 45 मिनट की मुलाकात का कार्यक्रम तय है। इसके बाद अखिलेश यादव के आजम खान के आवास पर भी जाने का कार्यक्रम है। उनका आवास जिला कारागार के नजदीक ही स्थित है।

