Bihar News : पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण किया गया। आरोपी के परिजनों ने पंचायत के दौरान पीड़िता के परिवार के सामने न केवल शादी के लिए दहेज में बाइक और बड़ी नकदी की मांग रखी, बल्कि मांग पूरी न होने पर रिश्ता भी तोड़ दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नितेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रेम जाल में फंसाकर किया यौन शोषण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसरिया गांव निवासी नितेश कुमार ने एक नाबालिग लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसाया था। शादी का सुनहरा सपना दिखाकर आरोपी ने लंबे समय तक युवती का शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने सामाजिक तौर पर रिश्ते को स्वीकारने और विवाह का दबाव बनाया, तो आरोपी हर बार टालमटोल करता रहा।
पंचायत की मर्यादा तार-तार
जब मामले का खुलासा हुआ, तो गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में न्याय की उम्मीद में पहुंचे पीड़िता के परिवार को उस समय गहरा सदमा लगा, जब आरोपी पक्ष ने बेशर्मी की हदें पार करते हुए शादी के एवज में दहेज के रूप में बाइक और नकद रुपयों की मांग कर दी। पीड़िता का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, जिससे वे इस मांग को पूरा करने में असमर्थ रहे। इसके बाद आरोपी पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पंचायत विफल होने के बाद, पीड़िता की मां ने हिम्मत दिखाते हुए शिकारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ज्वाला कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और जांच की कमान महिला अनुसंधानकर्ता एकता सागर को सौंपी। पुलिस ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को छापेमारी कर आरोपी नितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में शिकारपुर के थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा, “महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में हमारी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में वैज्ञानिक और कानूनी साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

