मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र व राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है। वैश्विक परिदृश्य में बदलती हुई चुनौतियों के कारण उनका मुकाबला करने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय व टीमवर्क के साथ कार्रवाई करने की दक्षता अत्यंत आवश्यक है। उन्होने कहा कि एनएसजी व यूपी पुलिस का संयुक्त कार्यक्रम तैयारी की नई धार, आपसी समन्वय को नई शक्ति व सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) व उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएम योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। सीएम ने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा।

