उत्तर प्रदेश के स्कूलों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियों के पीछे फर्जी जीमेल आईडी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के हाथ बड़ा खुलासा लगा है। कानपुर से गिरफ्तार किए गए आरोपी अंकित शंखवार ने शुरुआती अनुमान के मुताबिक पांच लाख नहीं, बल्कि करीब 22 लाख जीमेल आईडी पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोगों को बेची थीं। एटीएस की पूछताछ में सामने आए इस भारी-भरकम आंकड़े के बाद अब एजेंसी ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
अयोध्या, काशी और मथुरा की धमकियों से जुड़े तार
एटीएस को प्रबल आशंका है कि अंकित शंखवार के जरिए विदेशी खरीदारों तक पहुंचाई गईं इन्हीं फर्जी ई-मेल आईडी में से कुछ का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को बम धमाकों की धमकी भेजने में किया गया है। गौरतलब है कि बीते चार नवंबर को अयोध्या और वाराणसी के सरकारी संस्थानों तथा स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जिनमें अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। शुरुआती जांच में आरोपी के लैपटॉप से करीब पांच लाख ई-मेल आईडी का डेटा मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन गहन पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल करने पर उसके नेटवर्क से बेची गई कुल आईडी की संख्या करीब 22 लाख तक पहुँच गई।

