यमुनानगर। शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम के इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, पूर्व मेयर मदन चौहान, पार्षद विभोर पहुजा ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर नेहरू पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया। सभी ने मिलकर झाड़ू लगाकर नेहरू पार्क में सफाई की। सभी ने नेहरू पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने सभी को स्वच्छता का संकल्प लेने शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि आओ मिलकर कदम बढ़ाए अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए। सभी शहरवासी नगर निगम के इस अभियान में सहयोग करें। सभी शहरवासी खुद को विधायक व मेयर समझकर शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी ले। अपने आसपास के एरिया को सुंदर बनाए। जो खुले में गंदगी फेंकता है, उसे समझाए। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सभी शहरवासी नगर निगम के स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाएं। कोई भी खुले में कचरा न डाले। कचरा केवल नगर निगम के वाहन में ही डाले। नगर निगम शहर को साफ व सुंदर बनाने में जुटा है। यदि हम निगम द्वारा साफ की गई जगह पर कचरा डालते है तो हम अपने आसपास के क्षेत्र को गंदा करते है। यह शहर हमारा है। इसे साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसलिए खुले में गंदगी न फैलाए। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि कचरा डालने के लिए घर में दो डस्टबिन रखें। जिसमें सूखा व गीला कचरा अलग अलग करके डाले। इस कचरे को निगम की गाड़ी में डाले। यह शहर हम सभी का है, इसे सुंदर, स्वच्छ व साफ बनाए। पूर्व मेयर मदन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही भारत को स्वच्छ बनाने का सपना देखा था। उसी सपने का साकार करने के लिए उन्होंने विशेष अभियान चलाए। स्वच्छता के प्रति लोगों में क्रांति लाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यमुनानगर में उनके स्वागत में हम सब मिलकर शहर को साफ व स्वच्छ बनाने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।