डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड के बिना करने के लिए तैयार दिख रही है और इसमें ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नाम भी जुड़ने की संभावना है। उम्मीद है कि कमिंस भी सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पायेंगे। स्टार खिलाड़ी हेजलवुड अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शुरुआती दो मैच नहीं खेल पायेंगे, क्योंकि वह चोटों से भरे घरेलू सीजन से उबरने की प्रक्रिया में हैं, इस दौरान वह पूरी एशेज सीरीज से बाहर रहे थे।
हेजलवुड को पहले हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, और फिर ठीक होने के दौरान उन्हें एच्लीस टेंडन में भी तकलीफ हो गई थी। पिछले साल आरसीबी के आईपीएल खिताब का सूखा समाप्त करने में हेजलवुड की अहम भूमिका थी, उन्होंने 17.54 की औसत से 22 विकेट लिए थे। आईपीएल में देर से आने वाले खिलाड़ियों की सूची में हेजलवुड के साथ एक और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नाम भी जुड़ने की संभावना है।

