नई दिल्ली, 19 मार्च: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका और जनरल सेक्रेटरी सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा है कि कमेटी गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के स्टाफ का एक-एक रुपया देने के लिए वचनबद्ध है और इसके लिए हमने जो एमओयू साइन किया है, उसके अनुसार एक-एक पैसा स्टाफ को दिया जाएगा।
आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जगदीप सिंह काहलों ने भरोसा दिलाया कि हम इस पूरे मामले को हल करने के लिए प्रयासरत हैं और 962 में से 919 स्टाफ सदस्यों ने साबित कर दिया है कि वे हमारे साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने दिए भरोसे के अनुसार हर हाल में बकाया राशि देंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी द्वारा किए गए प्रयासों के चलते 7वें वेतन आयोग के अनुसार 38 प्रतिशत वेतन स्टाफ के खातों में पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने की जिम्मेदारी कमेटी की है, जिसके लिए हम पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम हर हाल में संगत के सहयोग से न केवल गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों को सफल बनाएंगे बल्कि गुरुद्वारा प्रबंधन तथा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में भी सफलता के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कमेटी के लिए बहुत बड़ी बात है कि गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के स्टाफ के बड़ी संख्या में सदस्यों ने हम पर भरोसा जताया है और हम अदालत के आदेशों के अनुसार हर कर्मचारी को उसका हक देने के लिए वचनबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे विरोधी कितना भी दुष्प्रचार करें, हमारा काम केवल अच्छा प्रबंधन देना है और हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं।

