हैदराबाद: रणवीर सिंह की हालिया एक्शन स्पाई फिल्म धुरंधर: द रिवेंज चौतरफा तारीफ बटोर रही है. बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक सुपरस्टार से लेकर डायरेक्टर तक सभी दिग्गज धुरंधर: द रिवेंज के दिवाने हो गये हैं. इस बीच इंडियन सिनेमा के बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक और बाहुबली व आरआरआर जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले एस.एस. राजामौली ने भी धुरंधर: द रिवेंज पर अपना रिएक्शन दिया है. इससे पहले इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के शानदार डायरेक्टर राकेश रोशन भी धुरंधर: द रिवेंज की तारीफ कर चुके हैं. इसी के साथ एक्टर प्रकाश राज ने भी धुरंधर: द रिवेंज के लिए कुछ लिखा है.
धुरंधर: द रिवेंज पर क्या बोले राजामौली?
धुरंधर: द रिवेंज देखने के बाद आज 21 मार्च की सुबह राजामौली ने अपने एक्स हैंडल पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर कर लिखा है, मुझे धुरंधर-1 बहुत पसंद आई थी, लेकिन द रिवेंज ने भव्यता और भावना दोनों ही मामलों में मूल फिल्म को पीछे छोड़ दिया. लेखन, कलाकारी, तकनीकी एडिटिंग, म्यूजिक, दुनिया का निर्माण और निर्देशन त्रुटिहीन हैं… लेकिन असल में इसकी भावनात्मक गहराई ही इसे मजबूती देती है.
राइटिंग में ऐसे ड्रामाटिक मोड़ बुने गए हैं जो वास्तविक तनाव और भावनाओं का अद्भुत संगम पैदा करते हैं. @AdityaDharFilms , आपने कमाल कर दिया, चार घंटे लंबी फिल्म बनाना और रिलीज करना वाकई हिम्मत का काम है, दर्शक आखिरी सीन तक अपनी सीट से चिपके रहते हैं. @RanveerOfficial क्या शानदार परफॉर्मेंस था यार… शेड में बहन के साथ वाला सीन अभिनय का बेहतरीन उदाहरण है. शुरुआत से लेकर दिल दहला देने वाले क्लाइमेक्स तक, आपने हमजा और जसकिरत दोनों के रूप में हमें एंटरटेन किया है.
प्रकाश राज ने क्या लिखा?
इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के बेबाक अभिनेता प्रकाश राज ने धुरंधर: द रिवेंज देखने के बाद अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, दायित्वों के संकेत दक्षिण में भी फैल रहे हैं. एक्टर ने यह उस एक्स पोस्ट पर रिएक्ट किया है, जिसमें लिखा है, ‘धुरंधर 2 की अब तक अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा, जूनियर एनटीआर और महेश बाबू ने तारीफ की है, किसी बॉलीवुड स्टार ने ट्वीट किया क्या??.
धुरंधर: द रिवेंज के बारे में
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन नजर आ रहे हैं. फिल्म का पहला भाग 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था, जिसने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अपार सफलता का स्वाद चखा था. अब धुरंधर: द रिवेंज को लेकर कहा जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई का ढेर लगाने वाली है.
