सुप्रीम कोर्ट ने मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा की मौत के मामले में सुनवाई करते हुए सोमवार को कहा कि वह इस विमर्श से ”व्यथित” है कि न्यायपालिका आरोपियों को बचा रही है। न्यायालय ने साथ ही कहा कि वह इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की निष्पक्ष, स्वतंत्र और पूर्वाग्रह रहित जांच सुनिश्चित करेगा। त्विषा शर्मा (33) का शव भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में 12 मई को फंदे से लटका मिला था।
उनके परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है जबकि त्विषा के ससुराल वालों ने दावा किया कि वह मादक पदार्थों की लत से पीड़ित थीं। पुलिस ने महिला के पति एवं पेशे से वकील समर्थ सिंह और उनकी सास एवं पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।

