बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी ने अभिषेक बंटी की जगह नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है। सूत्र बताते हैं कि पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में एक दिन पहले हुई संगठनात्मक बैठक के बाद पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार में बदलाव का फैसला लिया। जानिए नीरज सिन्हा की राजनीतिक यात्रा और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से जुड़ी सीट का सियासी समीकरण।बिहार की हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले सियासी समीकरण बदल गए हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक बंटी चुनावी मैदान से पीछे हट गए, जिसके बाद पार्टी ने नया दांव खेलते हुए नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है। नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई इस सीट को बीजेपी अपने मजबूत गढ़ के तौर पर देखती है। हालांकि इस बार मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा है, क्योंकि जन सुराज के प्रशांत किशोर बांकीपुर में बीजेपी को कड़ी चुनौती देने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में नीरज सिन्हा की एंट्री के बाद इस सीट का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस सीट पर अपनी पुरानी पकड़ को बरकरार रखने की है।