जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में बक्कल टनल के पास सोमवार को एक मिनीबस के दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि बक्कल से रियासी जा रही मिनीबस सुबह टनल के पास पलट गई, जिससे कई यात्री घायल हो गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य यात्री की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जम्मू भेजा गया है।

