नई दिल्ली। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे और कीमती दान में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में जवाब देने की मांग की। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी दोहराई।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि चढ़ावे से जुड़े मामले में कथित तौर पर कौन-कौन जिम्मेदार है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।

