काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद लापता हुए 213 भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए दुखद खबर है। नेपाल सरकार ने इन सभी लापता भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने अपनी वेबसाइट पर इन 213 भारतीयों की सूची जारी कर दी है। अब उनके परिजनों को सूची में नाम या अन्य विवरण को लेकर आपत्ति और सुधार का मौका दिया गया है। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस संबंध में जानकारी दी। दूतावास के मुताबिक, संबंधित परिवार 2 दिसंबर से पहले अपनी आपत्तियां, सुझाव या संशोधन के अनुरोध दूतावास तक पहुंचा सकते हैं।
कैसे मृत घोषित किए जाएंगे 213 भारतीय?
नेपाल सरकार ने यह प्रक्रिया उन लोगों की मृत्यु की आशंका के आधार पर शुरू की है, जो अगस्त में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं। NDRRMA की ओर से जारी सूची में नाम जोड़ने, हटाने या दर्ज जानकारी में बदलाव के लिए सुझाव मांगे गए हैं। सभी आपत्तियों और संशोधनों पर विचार करने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और इन लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी। इसके बाद भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय प्रशासन से संबंधित लोगों के मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

