दिल्ली। बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में बिहार सरकार की ओर से आनंद मोहन को दी गई सजा में छूट का आदेश सर्वोच्च न्यायालय ने रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद एक बार फिर जी. कृष्णैया हत्याकांड और आनंद मोहन की रिहाई से जुड़ा मामला चर्चा में आ गया है। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश ने बिहार सरकार के उस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं, जिसके तहत आनंद मोहन की सजा में छूट दी गई थी।
सजा में छूट का फैसला क्यों हुआ था विवादित?
आनंद मोहन को अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की ओर से जेल की सजा में छूट मिलने के बाद रिहा किया गया था। इस फैसले को जी. कृष्णैया की पत्नी उमादेवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जी. कृष्णैया की दिसंबर 1994 में भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को 2007 में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसे 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।

