दिल्ली। भारत की समुद्री व्यापार क्षमता को मजबूत करने और विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर 4,288.26 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई।
इस नए टर्मिनल के शुरू होने से भारत की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता में सालाना 20 लाख TEU (20 फुट इक्विवेलेंट यूनिट) का इजाफा होगा। इससे न केवल बड़े-बड़े विदेशी जहाजों को सीधे भारतीय बंदरगाह पर लाने में मदद मिलेगी, बल्कि निर्यात और आयात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अब भारत में आसानी से आएंगे दुनिया के बड़े कंटेनर जहाज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना भारत के तीन बड़े लक्ष्यों को मजबूती देगी। इनमें दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की क्षमता बढ़ाना, विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता घटाना और भारतीय निर्यात को वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना शामिल है।

