उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। मामले में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी और अध्यक्ष कार्यालय के पूर्व निजी सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह “गोहत्या जैसा महापाप” है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात बदरीनाथ थाने में नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इससे कुछ घंटे पहले बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था।

