नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर दिल्ली की अर्थव्यवस्था को ‘‘बर्बाद’’ करने का आरोप लगाया और दावा किया कि दिल्ली सरकार का 2024-25 का बजट सात हजार करोड़ रुपये के घाटे में है। भाजपा के इस दावे और आरोप पर राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाजपा की सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां एक पत्रकारवार्ता में ‘बजट खाते में हेराफेरी’ का आरोप लगाया और इसकी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से जांच कराने की मांग की। स्वराज ने दावा करते हुए कहा, ‘‘आप सरकार ने पिछले साल 10 हजार बस मार्शलों को हटा दिया, क्योंकि उसने उनके वेतन के लिए कोई प्रावधान नहीं किया था। इसी वजह से व्यावसायिक शिक्षकों को भी हटा दिया गया।’’