कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे के कथित गबन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे “भारत के किसी भी धार्मिक स्थल पर अब तक की सबसे बड़ी लूट” बताते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी संसद सत्र में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगेगी।
गुरुवायूर मंदिर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि इस कथित घोटाले से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अब तक इस मामले पर चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआईटी जांच के पीछे वास्तविक दोषियों को बचाने की मंशा है। कांग्रेस महासचिव ने मांग की कि मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जाए, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो।

