दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने बाजार में खुलते ही हलचल मचा दी। बुधवार को खुला यह आईपीओ महज 100 मिनट में पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। इसके साथ ही यह इतनी तेजी से पूर्ण अभिदान पाने वाले आईपीओ में शामिल हो गया। खास बात यह रही कि संस्थागत निवेशकों ने शुरुआत से ही इसमें जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई। पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा तो महज 10 मिनट में ही पूरा भर गया।
100 मिनट में पूरा भरा IPO, संस्थागत निवेशकों की जोरदार मांग
बीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ को खुलने के 100 मिनट के भीतर पूर्ण अभिदान मिल गया। आईपीओ में शेयरों का मूल्य दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा सबसे पहले भरा। QIB श्रेणी में शुरुआती 10 मिनट में ही उपलब्ध शेयरों के बराबर बोलियां आ गईं। इसके बाद 30 मिनट से भी कम समय में मांग लगभग दोगुनी हो गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस श्रेणी को 2.86 गुना अभिदान मिला।

