मुंबई। बाबा सिद्दीकी हत्या मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि इस मामले में हाल में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों ने हत्या के लिए 50 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन भुगतान को लेकर असहमति और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता के रसूख को देखते हुए उन्होंने हत्या को अंजाम देने से बाद में मना कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने (हाल में गिरफ्तार पांच आरोपियों ने) पूर्व विधायक सिद्दीकी की हत्या में शामिल लोगों को आवश्यक सामग्री और अन्य प्रकार की मदद दी थी। सिद्दीकी की हत्या मामले में शूटरों को हथियार और रसद सहायता उपलब्ध कराने के आरोप में शुक्रवार को पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या अब नौ हो गई है, जबकि तीन लोग फरार हैं।