नेशनल डेस्क: रूस के दो दिनों के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मोस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज यहां अकेले नहीं आया हूं बल्कि अपने साथ देश की मिट्टी लेकर आया हूं, मैं 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं। आज 9 जुलाई है, इस दिन की खास बात ये है कि मैंने इसी दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस तरह से मुझे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लिए हुए एक महीना हो गया है। बता दें कि इससे एक दिन पहले पीएम मोदी सोमवार को मॉस्को पहुंचे थे जहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनका भव्य स्वागत किया था।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi addresses the Indian Community in Moscow, Russia. pic.twitter.com/LOM2lERF4W
— ANI (@ANI) July 9, 2024
उन्होंने कहा कि मैंने शपथ ली थी कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा इस सरकार में 3 का अंक छाया हुआ है। हमें तीन गुनी रफ्तार से काम करना है। हमारा लक्ष्य भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बनाना है। हमारा लक्ष्य तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना है। गरीबों के लिए तीन करोड़ घर बनाना है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया हिंदुस्तान का टैलेंट देख अचंभित है। दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है, आज भारत में लाखों स्टार्टअप है। भारत जो ठान लेता है, पूरा करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत डिजिटल ट्रांजैक्शन का सबसे बड़ा मॉडल है। विदेशों में रहने वाले भारतीय आज भारत पर गर्व करते हैं। 2014 से पहले हताशा-निराशा ने हमें जकड़ लिया था, लेकिन आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है। एक ही बीमारी के दो मरीज अस्पताल में हो, उतने ही सामर्थ्यवान डॉक्टर हो, लेकिन एक निराशा में डूबा हुआ मरीज हो, दूसरा आत्मविश्वास से भरा हुआ हो तो आपने देखा होगा आत्मविश्वास से भरा हुआ मरीज ठीक होकर अस्पताल होकर बाहर आता है। आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है, ये हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पूंजी है।