प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ उनका प्रशासनिक सफर अब देश के प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार जारी है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। दोनों नेताओं ने उनके नेतृत्व को सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
राजनाथ बोले- ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ रहा मूल मंत्र
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 वर्षों से राष्ट्रसेवा की है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पूरी राजनीतिक यात्रा का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ रहा है। उनके मुताबिक, मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को घर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत हुई है तथा युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार के नए अवसर तैयार हुए हैं। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष का यह पड़ाव प्रधानमंत्री की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, पूर्ण विराम नहीं।

