Sonia Gandhi Discharged: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पेट से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी नियमित जांच की गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पेट में हल्का संक्रमण था, जिसके चलते एहतियातन उन्हें अस्पताल में रखा गया था।
रूटीन जांच के लिए अस्पताल में भर्ती
गुरुवार रात सोनिया गांधी को अचानक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें महसूस हुईं, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है और बेहतर महसूस करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
78 वर्ष की हुईं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी दिसंबर 2024 में 78 वर्ष की हो गई हैं। वह कांग्रेस की वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ पार्टी की सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में से एक हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति पहले की तुलना में कम हो गई है, लेकिन हाल ही में 13 फरवरी को बजट सत्र के दौरान वह राज्यसभा के बाहर नजर आई थीं।