मुंबई। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना अभियान पटरी पर लाने के लिए रविवार को जब यहां एक दूसरे का सामना करेंगे तो निगाहें सूर्यकुमार यादव पर टिकी रहेंगी जो चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं। मुंबई ने अभी तक अपने तीनों मैच गंवाए हैं और वह अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। दिल्ली की स्थिति भी अच्छी नहीं है तथा चार मैच में एक जीत से वह 10 टीमों की तालिका में नौवें स्थान पर है। इस तरह से दोनों टीम पर वापसी करने का दबाव है।
सूर्यकुमार इस मैच में वापसी कर सकते हैं तथा आईपीएल के तुरंत बाद होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। सूर्यकुमार चोटिल होने के कारण पिछले तीन महीने से बाहर हैं। उन्होंने शुक्रवार को अभ्यास सत्र में भाग लिया और वह किसी भी तरह से असहज नहीं दिख रहे थे। मुंबई की टीम ने अभी तक हर विभाग में खराब प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में रोहित शर्मा और ईशान किशन ने उसे अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन यह दोनों बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। तिलक वर्मा और नमन धीर पर भी यह बात लागू होती है।