सात चेक बाउंस मामलों में सजा का सामना कर रहे अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से एक बार फिर राहत मिली है। अभिनेता की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बाकी 85 लाख रुपये जमा करने के लिए 13 अक्टूबर तक का समय दिया है। कोर्ट ने यह रकम सोमवार तक RTGS के जरिए जमा करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई अब दो सप्ताह बाद होगी।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान राजपाल यादव की ओर से बताया गया कि अदालत की ओर से तय 2 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त के तहत 1 करोड़ 15 लाख रुपये का इंतजाम किया जा चुका है।
बाकी रकम को लेकर अभिनेता के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन का एक खरीदार सामने आया है, जो 85 लाख रुपये देने को तैयार है। खरीदार और जमीन बेचने वाले राजपाल यादव, दोनों अदालत में मौजूद हैं।

