इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के टेक्सास राज्य के विक्टोरिया शहर में एक विमान ने रनवे की जगह सड़क पर लैंडिंग की। लैंड करते ही विमान के दो टुकड़े हो गए, जिससे सड़क पर मलबा फैल गया। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर विक्टोरिया शहर के स्टेट हाईवे पर हुई।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। विक्टोरिया पुलिस विभाग की उप पुलिस प्रमुख एलाइन मोया ने कहा, “हमें खुशी है कि स्थिति इससे ज्यादा गंभीर नहीं हुई। यह घटना असामान्य है, लेकिन हम यह देखकर संतुष्ट हैं कि लोग ठीक हैं।”
यह विमान एक ट्विन-इंजन पाइपर पीए-31 था, और इस दौरान केवल पायलट विमान में था। विमान ने सुबह 9:52 बजे विक्टोरिया क्षेत्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और लगभग पांच घंटे तक उड़ने के बाद यह दुर्घटना का शिकार हुआ। हादसे के बाद विक्टोरिया पुलिस विभाग और संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने जांच शुरू कर दी है।