इस रक्षाबंधन भाइयों की कलाइयों पर उत्तर प्रदेश की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता का रंग नजर आएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी करीब 5000 महिलाएं आकर्षक और हस्तनिर्मित राखियां तैयार कर रही हैं। प्रयागराज, वाराणसी, बागपत, बुलंदशहर, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, उन्नाव, शामली, जौनपुर और मिर्जापुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में राखियों का निर्माण हो रहा है।
महिलाओं द्वारा तैयार राखियों की स्थानीय बाजारों के साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी मांग बढ़ी है। ई-सरस समेत विभिन्न ई-कॉमर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इन उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि फर्रुखाबाद और नोएडा के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार राखियों की ई-सरस पर लगातार अच्छी मांग मिल रही है।

