कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में पर्यटकों की वापसी शुरू तो हुई है, लेकिन संख्या अब भी कम बनी हुई है। इसका बड़ा कारण बैसारन घास का मैदान अब भी बंद होना है, जहां पिछले वर्ष आतंकवादियों ने 25 पर्यटकों और एक स्थानीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। बैसारन में 22 अप्रैल को हुए हमले में कुल 26 लोगों की जानें गयीं थी, जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था।हालात अब सामान्य हुए हैं, लेकिन ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर बैसारन अब तक बंद है, जिससे पर्यटकों का भरोसा पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया है। हमले के बाद बंद किये गये कई पर्यटन स्थलों को फिर से खोल दिया गया है, लेकिन बैसारन बंद ही रहा है। प्रवेश द्वार पर सरकार ने एक स्मारक बनाया है, जहां हमले में मारे गये 26 लोगों के नाम दर्ज हैं।

