उत्तर प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवाओं और पारंपरिक कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अपनी महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना (VSSY) 2.0 लॉन्च कर दी है। योजना के नए संस्करण में सरकार ने दायरा बढ़ाते हुए 11 पारंपरिक ट्रेडों के साथ 14 नए आधुनिक ट्रेड भी जोड़े हैं। इस तरह अब कुल 25 ट्रेडों में युवाओं को हुनरमंद बनाने की व्यवस्था की गई है।
योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 10 दिनों का नि:शुल्क कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, प्रशिक्षण के दौरान मानदेय, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अधिकतम 15 हजार रुपये की नि:शुल्क उन्नत टूलकिट और कारोबार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

