विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट रही और बैंकिंग तथा वित्तीय कंपनियों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। बीएसई का सेंसेक्स 516.33 अंक (0.66 प्रतिशत) टूटकर 77,328.19 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत नीचे 24,176.15 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार में अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे।
हालांकि निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.06 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.22 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। दूसरे प्रमुख एशियाई बाजारों में गिरावट से भी निवेश धारणा प्रभावित हुई। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में भी गिरावट देखी जा रही है। बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों पर सबसे अधिक दबाव रहा। तेल एवं गैस, धातु और रियलटी समूहों के सूचकांकों में भी ज्यादा गिरावट देखी गयी।

