प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार 28 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में आयोजित होने वाले ‘महिला सम्मेलन’ में हिस्सा लेंगे और लगभग 6350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक मोदी 1050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी हुई 48 से अधिक परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे जिनमें वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवर ब्रिज और भगवानपुर में 55 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को और बढ़ावा देने के लिये दो नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

