देवभूमि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रसिद्ध है। देहरादून जिले के जौनसार-बावर क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित **लाखामंडल** ऐसा ही एक प्राचीन और रहस्यमयी धार्मिक स्थल है। यहां स्थित लाक्षेश्वर शिव मंदिर को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं और इसे महाभारत काल से जोड़कर देखा जाता है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लाखामंडल के प्राचीन शिव मंदिर का वीडियो साझा किया। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए मंदिर की वास्तुकला और प्राकृतिक परिवेश की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने श्रावण मास में उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं से इस पवित्र स्थल के दर्शन करने की अपील भी की।

