केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे भगीरथ को पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) मामले में पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार किया और बाद में उसे मजिस्ट्रेट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ”पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।”
मध्यरात्रि के बाद जारी एक विज्ञप्ति में साइबराबाद के पुलिस आयुक्त ने सूचना दी कि भगीरथ को पकड़ने के लिए करीमनगर, दिल्ली और अन्य स्थानों पर अलग अलग टीम भेजी गई थी। टीम ने उसके परिचितों के घर समेत उन अन्य स्थानों की भी तलाशी ली जहां आरोपी अक्सर जाता था। विश्वस्त सूचना मिली थी भगीरथ हैदराबाद में पुलिस अकादमी के पास है जिसके आधार पर नाकाबंदी की गई।
साइबराबाद पुलिस की विशेष अभियान टीम (एसओटी) ने शनिवार रात नरसिंगी पुलिस थाना क्षेत्र के मंचिरेवुला में भगीरथ को गिरफ्तार कर लिया। उसे हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उसे पेटबशीरबाद थाने ले जाया गया। भगीरथ से जांच अधिकारी ने पंच गवाहों (निष्पक्ष नागरिकों) की उपस्थिति में पूछताछ की।

