पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को बलूच आतंकवादियों ने जफर एक्सप्रेस वे पर हमला कर उसे हाईजैक कर लिया। आतंकी समूह ने बलूचिस्तान में 400 यात्रियों को बंधक बनाने की जिम्मेदारी ली थी। पाकिस्तानी सेना यात्रियों को छुड़ाने के लिए ऑपरेशन चला रही है। 104 यात्रियों को आतंकियों से छुड़ा लिया गया है। इस पूरी घटना पर अब संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस की प्रतिक्रिया सामने आई है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जोर देकर कहा कि आम नागरिकों पर हमले अस्वीकार्य है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, महासचिव पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में ट्रेन का अपहरण किए जाने की कड़ी निंदा करते हैं। बयान में कहा गया कि गुतारेस बंधक बनाए गए लोगों के बारे में बहुत चिंतित हैं और उनकी तत्काल रिहाई का आह्वान करते हैं।
16 आतंकी ढेर
पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने 104 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया है। बचाए गए यात्रियों में 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं और उन्हें एक अन्य ट्रेन से माच शहर में भेजा गया है। उन्होंने कहा, “आतंकवादी अब छोटे-छोटे समूह बनाकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बलों ने सुरंग को घेर लिया है और शेष यात्रियों को भी जल्द ही बचा लिया जाएगा।” पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि इस अभियान में 16 बीएलए लड़ाके मारे गए हैं। वहीं बलूच सेना ने दावा किया है कि बचाव अभियान में लगे पाकिस्तानी सेना के 30 जवान मारे गए हैं।
400 यात्रियों को किया था कैद
अधिकारियों ने बताया कि नौ डिब्बों में करीब 400 यात्रियों को लेकर जाफ़र एक्सप्रेस क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी, जब मंगलवार दोपहर गुडलर और पीरू कोनेरी इलाकों के बीच उस पर गोलीबारी हुई। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।