लुसाने। भारत समेत सात देशों ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी में रुचि दिखाई है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने मंगलवार को बताया कि इन देशों को नवंबर में ‘फ्यूचर होस्ट कमीशन’ के सामने अपने प्रोजेक्ट पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
ये सात देश हैं मेजबानी की दौड़ में
आईओसी के अनुसार 2036 ओलंपिक की मेजबानी को लेकर जर्मनी, हंगरी, भारत, कतर, कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये लगातार संवाद कर रहे हैं। आईओसी ने यह भी स्पष्ट किया कि 31 अक्टूबर के बाद 2036 खेलों की मेजबानी के लिए किसी नए इच्छुक पक्ष पर विचार नहीं किया जाएगा।
कई पहलुओं पर परखा जाएगा प्रोजेक्ट
आईओसी के मुताबिक नवंबर में पेश किए जाने वाले प्रोजेक्ट का मूल्यांकन कई तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं के आधार पर होगा। इनमें आयोजन स्थलों का मास्टर प्लान, खिलाड़ियों का अनुभव, फंडिंग रणनीति, राजनीतिक एवं जनता का समर्थन, मेजबानी की क्षमता और मेजबान समुदायों के लिए दीर्घकालिक लाभ देने वाली विरासत रणनीति प्रमुख हैं।
आईओसी ने इन प्रेजेंटेशन के लिए अभी कोई निश्चित समय सीमा निर्धारित नहीं की है।

