सख्त फैसलों और दृढ़ व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक भावुक रूप मां को अंतिम विदाई देते समय सामने आया। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के पास पहुंचते ही योगी अपने आंसू नहीं रोक सके। मां के अंतिम दर्शन के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं और चेहरे पर गम साफ झलकने लगा।
मां के जाने का दुख चेहरे पर आया नजर
मां के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे। मां को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई दिया। जिस मां ने बचपन में उंगली पकड़कर चलना सिखाया और जीवनभर ममता व आशीर्वाद से संबल दिया, उन्हें अंतिम विदाई देते समय योगी बेहद भावुक नजर आए। उस वक्त मुख्यमंत्री की तमाम जिम्मेदारियों से इतर वह सिर्फ एक बेटे थे, जो अपनी मां को खोने के गहरे दुख से गुजर रहा था।

