खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से तीन घंटे की पैरोल मिल गई है। शनिवार सुबह वे असम की डिब्रूगढ़ जेल से भारी सुरक्षा के बीच अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से उन्हें उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया। कोर्ट के आदेशानुसार अमृतपाल दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक अपने गांव में रह सकेंगे।
8 नवंबर को हुआ था दादी चरण कौर का निधन
अमृतपाल की 84 वर्षीय दादी चरण कौर का बीते 8 नवंबर को बीमारी के चलते निधन हो गया था। इससे पहले भी कोर्ट ने 14 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उन्हें तीन घंटे की अंतरिम राहत दी थी, लेकिन असम से पंजाब आने में हुई देरी के कारण वे तय समय पर गांव नहीं पहुंच सके थे। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार टाल दिया था और अमृतपाल की कानूनी टीम ने 21 से 23 नवंबर के बीच पैरोल के लिए नई याचिका दायर की थी।

