नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों से मिलकर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का इस्तेमाल देश की भावी पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा है। इससे अर्थव्यवस्था पर भी अनावश्यक बोझ पड़ता है और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल संगठनों को आर्थिक मदद मिलती है।
बुधवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के बाद अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने की समयसीमा तय की है। उन्होंने आह्वान किया कि वर्ष 2026 के शेष महीने और 2027, 2028 तथा 2029 को मादक पदार्थों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने के लिए समर्पित किया जाए।

