मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 2018 के गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में सार्वजनिक जांच की मांग करते हुए कहा कि केपटाउन टेस्ट में शामिल लोगों को आगे आकर यह खुलासा करना चाहिए कि पर्दे के पीछे क्या हुआ था। ‘सैंडपेपरगेट’ के नाम से मशहूर इस मामले में शामिल होने के कारण एक साल के निलंबन की सजा पाने वाले वार्नर ने कहा कि वह चाहते हैं कि उस समय मौजूद लोग घटना और उसके बाद के परिणामों के बारे में खुलकर बात करें।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बनाएगा स्वतंत्र फोरम
वार्नर ने कायो स्पोर्ट्स से कहा, ”मैं एक खुली सार्वजनिक जांच चाहता था। उस समय वहां मौजूद लोग सामने आकर अपनी बात कह सकते हैं।” उन्होंने कहा, ”क्योंकि हमें यह नहीं पता कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उसके पूर्व स्टाफ के साथ पर्दे के पीछे क्या बातचीत हुई थी। मुझे लगता है कि हम सभी के लिए यह जानना भी बहुत महत्वपूर्ण है।” ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि गेंद से छेड़छाड़ करने की साजिश का ड्रेसिंग रूम में मौजूद सभी लोगों को जानकारी थी जिसका वार्नर ने समर्थन किया है। वार्नर ने यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में की जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग और बोर्ड सदस्य डेविड बून ने खिलाड़ियों और कर्मचारियों के लिए गेंद से छेड़छाड़ के कांड पर अपने अनुभव और दृष्टिकोण साझा करने के लिए एक स्वतंत्र फोरम (मंच) बनाने की घोषणा की। ग्रीनबर्ग और बून ने कहा कि जिन लोगों का पहले साक्षात्कार नहीं लिया गया या जिन्हें पहले बोलने का अवसर नहीं दिया गया, उनके लिए इस फोरम में भाग लेना स्वैच्छिक होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि मूल घटनाओं की जांच पूरी हो चुकी है।

